Skip to main content
गर्मी में फिटनेस


इस बीच चार गर्मियां और बीत गईं. उतने ही बरसात और सर्दियां भी. मौसम कोई भी रहा, सरगर्मी बनी रही. वादों और दावों के बीच रस्साकस्सी में खूब चिंगारियां निकलीं. बातों और हक़ीक़तों के विपरीत ध्रुवों के बीच घर्षण से भारी ताप पैदा हुआ. क़र्ज़-माफ़ी-बीमा के खंभों पर आत्महत्या के तार की शार्ट-सर्किट से खूब चिंगारियां निकलीं. पेट्रोल-डीजल की कीमतों से लपटें सी निकलती रहीं, जिसके ताप में झुलस कर रुपया मुरझाया रहा. बैंकों के वाल्ट में अंदर ही अंदर कुछ ऐसा सुलगा कि अरबों रुपए भाप बन कर उड़ गए. सरकारी हवन कुंड में कैशलेस समिधा प्रज्ज्वलित होने के बाद जीएसटी की आहुति डालते ही अग्नि धधक उठी और सब ओर विकास का धुँआ फ़ैल गया. कोलतार पिघल कर हाई-वे एक्सप्रेसवे पर पसर गए.  इसी धुंध में नये विकास-मॉडल के लावे से बड़े-बड़े प्रोजेक्ट विनिर्मित होने लगे. इस कायनात में जो कुछ बना है गर्मी से ही बना है. सो अब भी बन रहा है. 
राजनीतिक सरगर्मी भी उठान पर बनी रही. चुनाव के अखाड़ों में येन-केन प्रकारेण विरोधी को पटखनी देकर जीत की मशालों का जुलूस निकला. अविजित इलाकों में संगठन के करंट दौडाए गए. ठप पड़ी अधबनी विधानसभाओं को खरीदे हुए समर्थन-जेनरेटरों से चार्ज कर चालू किया गया. सामाजिक परमाणुओं के बीच प्रतिक्रियात्मक घर्षण से घनघोर ताप पैदा होता रहा. एक सुगबुगाती आतंरिक ऊर्जा से परमाणु बम की संभावना तैयार कर ली गई. विध्वंस से निर्माण का फार्मूला भी तो गर्मी से ही होकर गुजरता है.
इतने गर्मागर्म माहौल में कुदरत की गरमी और आ मिली है. सोने पे सुहागा कह लें या नीम पे करेला, हालत पस्त करने वाली गर्मियां हैं. जनता की गर्मजोशी कहीं चित पड़ी औंघा रही है. हौसलों के मुंह पर छींटें मारो तो भी कुनमुना के करवट ले लेते हैं. गधे भी अमराई की छांह ढूंढ रहे. शेर शिकार छोड़ लेटा हांफ रहा है. गर्मी भीतर भी कम नहीं. पेट में धधकती आग है, ग़ुरबत के गर्म आंसुओं का सैलाब है, तपती हुई साँसें हैं और खुली धूप में जलता हुआ जिस्म है. एकदम गर्मागर्म रेसिपी है मेहनत से ज़िंदा रहने की ज़द्दोजहद की, फरमाबरदारी की. भीतर बाहर की गर्मी से क्रिस्प, कुरकुरा, खस्ता, जानदार. फिटनेस में अव्वल, एकदम टनाटन, खरीद लाओ - देश-निर्माण में लगाओ. देश भी फिट.
गर्मी इधर भी कम नहीं. मिज़ाज में गर्मी, दिल महत्वाकांक्षाओं से धधकता हुआ, खून में गर्मी सब हथिया लेने की हवस की, आँखों में शोले, भाषणों में आग, अहम् का कभी भी फट पड़ने वाला गर्म गुब्बारा. माबदौलत क्या हैं, एक आफताब का टुकड़ा हैं. ठंढे पस्त जीवों पर एक किरण पड़ती है तो बेचारे बिलबिला उठते हैं. प्रकट में बेशक विनम्रता का ठंढा लबादा ओढ़े मुस्कराते हैं. गर्मजोशी बराबर वालों के बीच बनी रहती है. अगले चुनाव की वर्जिश चालू है, भरपेट रातिब खाए कसे घोड़ों की तरह दौड़ में आगे निकलने को कृतसंकल्प ये कर्मवीर ठंढे कमरों में योग-ओ-जिम से बदन में गर्मी बढ़ा रहे हैं. अपनी फिटनेस को चुनौती बना कर ललकार रहे हैं. विरोधियों में हीन भावना भरते हुए. देश को भी फिट रहने की प्रेरणा देते हुए.     
तो सिद्ध हुआ कि, गर्मी से ही फिटनेस है. आईये अपने भीतर-बाहर की गर्मी में खुद को तपा कर अपने फिटनेस का प्रमाण दें. देश का राजनितिक- सामाजिक तापमान बाधाएं. उनके लक्ष्य का फिट भारत बना कर देना है कि नहीं!


Comments

Popular posts from this blog

एक था गधा उर्फ़ शरद जोशी के नाटक में हम

शरद जोशी का मशहूर नाटक "एक था गधा उर्फ अलादाद खान" की अपनी मंडली के साथ मंच पर प्रस्तुति के बाद एक व्यंग्यात्मक आलेख लिखना बनता था. कुछ देर से सही, लिख पाया . ..... नाटक हमारे लिए कोई अजूबा नहीं था. बाबू-जीवन के हर चरण में कोई न कोई नाटक चलता ही रहता है. अलग से एक नाटक खेलने की ज़रूरत क्यों पड़ी ये एक सवाल है जिसका जवाब अभी ढूँढा जा रहा है. थियेटर किस चिड़िया का नाम है ये हम जानते थे क्योंकि देख रखा था. हमेशा बर्ड-वाचिंग के अंदाज़ में मंडी हाउस के थियेटरों की ओर जाते और अन्य कई चीजों के अलावा नाटक भी देख लेते थे. इतना पक्के तौर पर मालूम था कि इसमें एक मंच होता है जिस पर कुछ लोग नाटकीय अंदाज़ में चलते-बोलते रहते हैं. रटे-रटाए सम्वाद और उसपर से ‘ जो भूले सो याद कराया ’ की सुविधा के साथ विंग्स में छुपा प्रोम्प्टर. ये कौन-सा मुश्किल काम था जब हम जब चाहे बिना स्क्रिप्ट ही बॉस और बीबी दोनों को अपने सहज अभिनय से झूठ सच की सीमा पर भटकाते रहते हैं. वैसे ये नाटक “ एक था गधा उर्फ अलादाद खान ” सोच समझ कर नहीं चुना गया था पर आख़िरकार सटीक साबित हुआ. ये अच्छा रहा कि नाटक क...

प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका "कथाक्रम" के ताज़ा अंक में व्यंग्य के वर्तमान परिदृश्य पर मेरा एक आलोचनात्मक आलेख, जो हिंदी व्यंग्य के स्वरूप, व्यंग्य लिखने का कारण और एक समालोचक के तौर पर हिंदी व्यंग्य से मेरी आशाओं आशंकाओं का संकलन भी है.

व्यंग्य लिखना-पढ़ना: क्या बस यों ही? हिंदी व्यंग्य साहित्य लेखकों और पाठकों की दृष्टि से खासा समृद्ध प्रतीत होता है. छोटी मझोली पत्रिकाओं की घटती आवृत्तियाँ और नियमित बड़ी पत्रिकाओं के लगभग अवसान के बावजूद ऐसा कहना पड़ रहा है तो इसके  पीछे अखबारों के दैनिक कालम, साप्ताहिक परिशिष्ट और यदा-कदा निकलने वाले व्यंग्य- विशेषांक हैं. लिखने  वालों के लिए स्पेस की कोई कमी है, मुझे तो नहीं लगता. पढ़ने वाले भी हैं, जिसका प्रमाण इनका छपना-बिकना है. उस पर सोशल-मिडिया, वर्चुअल ग्रुप, इन्टरनेट पर साहित्य कोष और व्यक्तिगत ब्लॉग. लिखने–पढने की अनंत संभावना. पर क्या हिंदी व्यंग्य इस अभूत-पूर्व संचार-क्रान्ति का उपयोग कर अपना समुचित विकास कर पा रहा है? क्या बदलता दौर उसमें पूरी तरह धड़क रहा है? कहीं बदलाव का दबाव उसे अपनी साहित्यिक परम्पराओं और मानकों के राजमार्ग से उतर कर भटकाव की पगडंडियों की ओर तो नहीं मोड़ रहा? कहीं वर्तमान व्यंग्य लिखने-छपने की असीम सम्भावनाओं के बीच अति-उत्साह का शिकार होकर केवल तात्कालिकता के जाल में तो नहीं उलझ गया और समय की धार में छुपे शाश्वत मूल्यों के सीप को त्याज्य...

यात्रा वृत्तांत लिखने का शौक़ उतना ही पुराना है, जितना यात्रायें करने का। कादम्बिनी के राजीव भैया ने ,मुझे लक्षद्वीप की यात्रा पर एक लिख लाने को कहा। तस्वीरें भी मंगवाईं। फिर इसी माह पत्रिका के पर्यटन विशेषांक में प्यार से छापा। यहाँ ब्लॉग पर उन्हीं शब्दों के साथ कुछ और तस्वीरें जोड़ कर ये यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत है।

कोरल द्वीपों का स्वर्ग: लक्षद्वीप एक बड़े समुद्री जहाज़ का डेक, चारों ओर फैला अथाह, पर शांत समुद्र जिसकी लहरों पर क्षितिज में बादलों की ओट से झांकते सूर्य की किरणों की थिरकन, कुछ ही दूर पर सतह पर तैरता –सा हरियाली का एक लंबा टुकड़ा, जिसके सामने नीले-हरे पानी के विस्तार पर जहाज़ की ओर बढती दो नौकाएं. एक जादुई सम्मोहन जैसी स्थिति. हम देश की मुख्य भूमि से 400 किमी. दूर लक्षद्वीप द्वीप-समूह की राजधानी कवरत्ती आ पहुंचे थे. लक्षद्वीप को धरती के स्वर्गों में से एक माना जा सकता है. हमने ये यात्रा अपने देश के अद्भुत भौगोलिक विविधता का एक अनोखा व् उत्तेजक पहलू छूने के लिए चुनी थी. कोरल (मूंगा) द्वीपों का अपना विशिष्ट प्राकृतिक सौन्दर्य तो है ही, जैविक विविधता को जलीय-जीवन में देख पाने का अवसर इन्हें सैलानियों और प्रकृति-प्रेमियों के लिए ख़ास बनाती हैं. लक्षद्वीप अकेला ऐसा कोरल द्वीप समूह है जहां मूँगों द्वारा निर्मित ज़मीन के गिर्द उथले स्वच्छ पानी के लैगूनों में समुद्री जीवों का विशाल जीवंत संसार बेहद आसान पहुँच में है. उधर द्वीपों पर नारियल और पाम के पेड़ों का झुरमुट और मक्...