Skip to main content

हिंदी व्यंग्य साहित्य पर एक नन्हा-सा विचार


व्यंग्यपथ
- मुझे अक्खा व्यंगिस्तान चाहिए. अपुन सबको व्यंग्य सप्लाई करेगा. एकदम सौ टका टंच माल.
- जा जा! सौ टका टंच माल तो बस भोपाल से अपना ज्ञानू भाई सप्लाई करता. तेरे पास किदर है खालिस माल?
- तो तुम्हारे पास ही किदर है? दो टाइप का माल सप्लाई करता है तुम, एक सपाटबयानी का पाउडर में दो चुटकी सरोकार मिलाता और दूसरा छोटा-छोटा पाउच में वन लाइनर मसखरी मार के बेचता है.
- और ये तेरा विट शिट है. तेरा आइरनी पर सबको हैरानी है. अपुन इदर गैंग में नया लोक भर्ती किया- ज्ञानू दादा, सुबू दादा सारे गैंग का लेडीज़-जेंट्स सब लोक को इन्वाईट किया. उदर मस्त आइटम डांस दिखाया..और बोले तो..व्यंग्य का फार्मूला पे एक बड़ा सेमीनार भी किया. अभी ‘मठवा’गाँव  में अपुन लोक सारा दादा लोक का फार्मूला का मंथन कर के पुराने व्यंग्य से नया माल तैयार करेगा.
- अब रहने भी दे, इदर भी विट, आइरनी, ह्यूमर का फुल सप्लाई है. इसमें सरोकार भी मिलाके ज्ञानू भाई के ख़ास फार्मूले से प्योर व्यंग्य बनाता है अपुन लोग. ऐसी चढ़ती, ऐसी चढ़ती कि पुरस्कार लेके ईच नीचे उतरती.
- तो वो बना के करेगा क्या? इदर तिकड़ी गैंग के आगे तुमारा औकात क्या. इदर ऊपर से नीचे तक सारा मामला सेट...बिंदास आत्ममुग्ध माफिक चल रेला है समझो...अपुन के पास बड़ा तोप भी है और छोटा मशीनगन भी. ऐतिहासिक परम्परा का तलवार भी है और तेज धार छुरियाँ भी. ये सब तो बरोबर, कौन बड़ा भाई बोल के- सर्टिफिकेट/सम्मान भी तो अपुन ही बाँटते.
- तुम सब उदर अपना मठवा गाँव में बैठ के आपस में कलेस करता, अपुन लोग इदर वैसेईच वलेस करता. आने वाला वखत में हम व्यंग्य का वास्ते अपना स्पेशल अभिधा-व्यंजना, फार्मेट, विषय, भाषा, मुहावरे, हास्य, सरोकार बगैरा ही नहीं, सम्मान भी खुद ही बना लेगा.
हमारे पास तो अपना आवाहन गीत भी है, जिसकू हम व्यंग्य पथ के राही, बढ़ेंगे आगे गाते-
सुनो-
सम्मान चाहे हों पड़े,
ललचायें इतने हों बड़े,
मानपत्र शाल भी
मांग मत मांग मत मांग मत
व्यंग्यपथ, व्यंग्यपथ, व्यंग्यपथ
तू भी जमेगा कभी
तू भी मचेगा कभी
तू न हटेगा कभी
कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ
व्यंग्यपथ, व्यंग्यपथ, व्यंग्यपथ
ये ग़ज़ब का दृश्य है
व्यंग्यकार यों अस्पृश्य है.
अभिधा से भी, व्यंजना से भी
लथपथ, लथपथ, लथपथ
व्यंग्यपथ, व्यंग्यपथ, व्यंग्यपथ

Comments

Popular posts from this blog

एक था गधा उर्फ़ शरद जोशी के नाटक में हम

शरद जोशी का मशहूर नाटक "एक था गधा उर्फ अलादाद खान" की अपनी मंडली के साथ मंच पर प्रस्तुति के बाद एक व्यंग्यात्मक आलेख लिखना बनता था. कुछ देर से सही, लिख पाया . ..... नाटक हमारे लिए कोई अजूबा नहीं था. बाबू-जीवन के हर चरण में कोई न कोई नाटक चलता ही रहता है. अलग से एक नाटक खेलने की ज़रूरत क्यों पड़ी ये एक सवाल है जिसका जवाब अभी ढूँढा जा रहा है. थियेटर किस चिड़िया का नाम है ये हम जानते थे क्योंकि देख रखा था. हमेशा बर्ड-वाचिंग के अंदाज़ में मंडी हाउस के थियेटरों की ओर जाते और अन्य कई चीजों के अलावा नाटक भी देख लेते थे. इतना पक्के तौर पर मालूम था कि इसमें एक मंच होता है जिस पर कुछ लोग नाटकीय अंदाज़ में चलते-बोलते रहते हैं. रटे-रटाए सम्वाद और उसपर से ‘ जो भूले सो याद कराया ’ की सुविधा के साथ विंग्स में छुपा प्रोम्प्टर. ये कौन-सा मुश्किल काम था जब हम जब चाहे बिना स्क्रिप्ट ही बॉस और बीबी दोनों को अपने सहज अभिनय से झूठ सच की सीमा पर भटकाते रहते हैं. वैसे ये नाटक “ एक था गधा उर्फ अलादाद खान ” सोच समझ कर नहीं चुना गया था पर आख़िरकार सटीक साबित हुआ. ये अच्छा रहा कि नाटक क...

प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका "कथाक्रम" के ताज़ा अंक में व्यंग्य के वर्तमान परिदृश्य पर मेरा एक आलोचनात्मक आलेख, जो हिंदी व्यंग्य के स्वरूप, व्यंग्य लिखने का कारण और एक समालोचक के तौर पर हिंदी व्यंग्य से मेरी आशाओं आशंकाओं का संकलन भी है.

व्यंग्य लिखना-पढ़ना: क्या बस यों ही? हिंदी व्यंग्य साहित्य लेखकों और पाठकों की दृष्टि से खासा समृद्ध प्रतीत होता है. छोटी मझोली पत्रिकाओं की घटती आवृत्तियाँ और नियमित बड़ी पत्रिकाओं के लगभग अवसान के बावजूद ऐसा कहना पड़ रहा है तो इसके  पीछे अखबारों के दैनिक कालम, साप्ताहिक परिशिष्ट और यदा-कदा निकलने वाले व्यंग्य- विशेषांक हैं. लिखने  वालों के लिए स्पेस की कोई कमी है, मुझे तो नहीं लगता. पढ़ने वाले भी हैं, जिसका प्रमाण इनका छपना-बिकना है. उस पर सोशल-मिडिया, वर्चुअल ग्रुप, इन्टरनेट पर साहित्य कोष और व्यक्तिगत ब्लॉग. लिखने–पढने की अनंत संभावना. पर क्या हिंदी व्यंग्य इस अभूत-पूर्व संचार-क्रान्ति का उपयोग कर अपना समुचित विकास कर पा रहा है? क्या बदलता दौर उसमें पूरी तरह धड़क रहा है? कहीं बदलाव का दबाव उसे अपनी साहित्यिक परम्पराओं और मानकों के राजमार्ग से उतर कर भटकाव की पगडंडियों की ओर तो नहीं मोड़ रहा? कहीं वर्तमान व्यंग्य लिखने-छपने की असीम सम्भावनाओं के बीच अति-उत्साह का शिकार होकर केवल तात्कालिकता के जाल में तो नहीं उलझ गया और समय की धार में छुपे शाश्वत मूल्यों के सीप को त्याज्य...

यात्रा वृत्तांत लिखने का शौक़ उतना ही पुराना है, जितना यात्रायें करने का। कादम्बिनी के राजीव भैया ने ,मुझे लक्षद्वीप की यात्रा पर एक लिख लाने को कहा। तस्वीरें भी मंगवाईं। फिर इसी माह पत्रिका के पर्यटन विशेषांक में प्यार से छापा। यहाँ ब्लॉग पर उन्हीं शब्दों के साथ कुछ और तस्वीरें जोड़ कर ये यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत है।

कोरल द्वीपों का स्वर्ग: लक्षद्वीप एक बड़े समुद्री जहाज़ का डेक, चारों ओर फैला अथाह, पर शांत समुद्र जिसकी लहरों पर क्षितिज में बादलों की ओट से झांकते सूर्य की किरणों की थिरकन, कुछ ही दूर पर सतह पर तैरता –सा हरियाली का एक लंबा टुकड़ा, जिसके सामने नीले-हरे पानी के विस्तार पर जहाज़ की ओर बढती दो नौकाएं. एक जादुई सम्मोहन जैसी स्थिति. हम देश की मुख्य भूमि से 400 किमी. दूर लक्षद्वीप द्वीप-समूह की राजधानी कवरत्ती आ पहुंचे थे. लक्षद्वीप को धरती के स्वर्गों में से एक माना जा सकता है. हमने ये यात्रा अपने देश के अद्भुत भौगोलिक विविधता का एक अनोखा व् उत्तेजक पहलू छूने के लिए चुनी थी. कोरल (मूंगा) द्वीपों का अपना विशिष्ट प्राकृतिक सौन्दर्य तो है ही, जैविक विविधता को जलीय-जीवन में देख पाने का अवसर इन्हें सैलानियों और प्रकृति-प्रेमियों के लिए ख़ास बनाती हैं. लक्षद्वीप अकेला ऐसा कोरल द्वीप समूह है जहां मूँगों द्वारा निर्मित ज़मीन के गिर्द उथले स्वच्छ पानी के लैगूनों में समुद्री जीवों का विशाल जीवंत संसार बेहद आसान पहुँच में है. उधर द्वीपों पर नारियल और पाम के पेड़ों का झुरमुट और मक्...