Skip to main content

साहित्यम होली विशेषांक २०१६ से

ये सीटी-वादक – कमलेश पाण्डेय

आप ही बताईये- इन चंदूलाल का क्या करें? 

ये हर वखत चिंता में सुलगते रहते हैं. इनकी चिंता है कि कोई कुछ कर कर रहा है तो क्यों रहा है. कहीं भी कुछ हो क्यों रहा है. ये विकल्प-शास्त्र में पीएचडी हैं. इनके जाने कोई आदमी, संस्था, पार्टी या खुद सरकार ही कुछ करने की ठान ले तो तुरंत-फुरंत घोषणा कर देते हैं कि ये तो गलत हो रहा है...इसे तो होने का कोई अधिकार ही नहीं. इसके बाद अपने विकल्पों की पिटारी खोलकर बताने लगते हैं कि इस काम के एवज़ तो ये, वो या फिर इत्ते सारे काम इकट्ठे भी हो सकते हैं. 

उद्यमी लोगों की मेहनत को पलीता लगाते चिर-चिन्तक चंदूलाल हर संभव जगह पर घुमते-फिरते या धरने पर बैठे हैं. छोटू-उस्ताद की मंडली ने मोहल्ले में अष्टयाम का आयोजन किया. चेलों ने बस बाज़ार की दुकानों का एक फेरा लगाया. चंद आँखें व बंधी मुठ्ठियाँ दिखा के और “धरम का काम है” की रसीद देके बातों-बातों में पचासेक हज़ार इकठ्ठे हो गए. काम शुरू हो इससे पहले ही चंदूलाल प्रकट हुए और सीटी बजाते घूमने लगे कि ये गलत हो रहा है. मोहल्ले में सबको बताने लगे कि अष्टयाम के बदले इतने पैसे में जाने क्या-क्या नेक काम हो सकते हैं. वो तो छोटू उस्ताद का मामला था कि उन्हें समझा दिया कि उनकी मंडली नेकी कर दरिया में डालने की बजाय नेकी की बात करने वालों को ही दरिया में डालना पसंद करती है. अष्टयाम आखिर पूरे मोहल्ले की भक्तिमय हाजिरी के साथ संपन्न हुआ. छोटू उस्ताद ही नहीं, मोहल्ले वालों को भी पता है कि क्या होना चाहिए. 

उद्यमी लोगों को इन सीटी-वादकों से कितनी पीड़ा होती है ये आप तभी जान पायेंगे अगर आपने भी मेहनत कर के सामाजिक अनुष्ठानों का कोई सफल कारोबार खडा किया हो. आप खुद सोचें (ये ज़हमत अकेले मैं ही क्यों उठाऊँ?), आज के ज़माने में कुछ बड़ा करने में आखिर क्या लगता है. पैसा ही न. अगर आप सोचते हैं कि आध्यात्म या कल्चर लगता है तो उसके पीछे भी पैसा ही तो छुपा है. शुरू में बड़ी मेहनत लगती है, पर बाद में ज़रूर भक्त लोग जमा हो जाते हैं और तमाम तरीकों से चंदा-वंदा जमा कर जैसा आप चाहते हैं, आयोजन कर डालते हैं. बस पैसा और आदमी जुट जाय तो प्रशासन, व्यवस्था, क़ानून वगैरह सब जुट लिए समझो. फिर जितना ऊंचा, बड़ा, लंबा, चौड़ा, उलटा या सीधा आईडिया पकाना है, पका लें. आंच में जलने को सरे संसाधन लाइन लगाकर खड़े रहते हैं. कितने तो व्यापक उद्देश्य होते हैं आपके इन आयोजनों के – जनकल्याण तो लगे हाथों होता ही है, समाज के हर तबके में छुपे अपने जैसे त्यागियों के साथ रमण-चमन, मिलना-जुलना, आगे और आयोजनों के मंच तैयार करना आदि इत्यादि. क्या ये सब इस वजह से छोड़ दें कि चंदूलालों को अच्छा नहीं लगता और वे इसकी जगह ये और वो करना चाहते हैं. 

सालों लगते हैं कुछ करने लायक बनने में और जब आप करने पर आ गये तो आ गए ये भी अपनी पिपही लेकर- कभी पर्यावरण का राग बजायें, तो ज्यादातर गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी की. आप सोच रहे हैं कुछ ग्लोबल स्तर की, ये बात करें गलियन की. आपके दिमाग में करोड़ों की डिजायनर मंच-सज्जा और चकाचौंध कर देने वाले नज़ारे हैं और ये बात कर रहे टाट-पट्टी स्कूलों में बेंच लगवाने की. हमारी चिंता लाखों लोगों को एक साथ बिठाकर पञ्च-सितारा लंच कराने की है, चंदूलाल फ़िक्रमंद हैं मिड-डे मील के कीड़े लगे चावल दाल की जांच के लिए. हम गिनिस बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में घुसना चाहें, आप रूटीन में सदियों से चल रही घटनाओं का ज़िक्र करें जो अब क्या बदलेंगे? भई, तुलना में कुछ तो बराबरी आने दो. 

उधर सरकार और चंदूलालों में भी ठनी रही है. सरकार तो बनवाई ही जाती है काम करवाने के लिए. सो काम तो वो करती है, कौन से काम? इसी पर मतभेद बना रहता है. सरकार को दिखने वाले काम मुफीद आते हैं. जो बड़े होते हैं वही जियादा दिखते हैं और चुनाव में बखानने के काम आते हैं. इधर चंदूलाल माइक्रो-स्तर पर सोचते हैं, विकल्प-शास्त्र का पिटारा खोल कर हर वृहत प्रोजेक्ट को कई सूक्ष्म कामों में तब्दील करने की जिद करते हैं. कभी-कभी सरकार भी इनके मज़े लेती है और बड़े-बड़े प्रोजेक्टों में छोटे-छोटे अड़ंगे लगने देती है. इससे प्रोजेक्ट चर्चा में रहता है और उसका बज़ट और उसी अनुपात में कमीशन बढ़ता रहता है. एक ही प्रोजेक्ट कई चुनावों तक काम आ जाता है. इसलिए सरकारें अब चंदूलाल की सुरक्षा के लिए क़ानून बना रही है. सुरक्षा को ये ख़तरा ज़ाहिर वजहों से है. 

ताजमहल बनते समय अगर चंदूलाल की सीटी सुन ली गई होती तो ताजमहल गायब होता और उसकी जगह हिन्दोस्तां नामक जगह में एक लाख मदरसे-स्कूल होते जिसमें पढ़कर तमाम लोग आलिम-फ़ाजिल हो जाते. आगे ये लोग कुछ और सीटियों की आवाजों की वज्ह से कुछ अजन्मे किलों-मकबरों की नींव पर बने कल-कारखानों में काम करते और इसी तरीके से बन पाए अस्पतालों की वजह से ज़िंदा बचे बाक़ी लोग दुनिया के अन्य हरित क्षेत्रों में चरने को चल देते. कुल मिला कर हिन्दोस्तान की जगह काम में डूबा जापान-सा कुछ बनता. उन्हें लौट कर देश में देखने को बुलाने वाला ताजमहल भी न होता.  

दरअसल देश का ये आलम कि कहीं साधनों-संसाधनों की बाढ़ आई रहती है तो कहीं बेकसी और मोहताजी का सूखा पड़ा होता है, देश की एक छोटी मगर सक्षम व खुशहाल आबादी के लिए रंग-बिरंगे भारत की विविधतापूर्ण इतिहास-भूगोल, समाज-संस्कृति का ही एक रूप है. चंदूलाल मगर इसे अश्लीलता के तौर पर देखते हैं. अब अश्लीलता पर रोक आदि पर दुनिया भर में क्या रवैया है, हम सब जानते ही हैं. 

होने के खिलाफ झंडा बुलंद रखें वाले चंदूलाल विरोधाभासी भी हैं. होने से भी जियादा वे कई ‘न होने’ के विरोध में भी ऐसे ही क्रांतिकारी तेवर रखते हैं. शायद वे दो-चार बड़ा-बड़ा होने को कई छोटे-छोटे होने में तब्दील करने में यकीन करते हैं. ये बहस तभी ख़त्म होगी जब ताजमहल से लेकर स्कूल-मदरसे-अस्पताल तक सब अपनी सही जगह खड़े मिलें. चंदूलाल लगे रहेंगे. 

और ज़रा आप भी सावधान रहिये, चंदूलाल की हिट लिस्ट में होली भी है क्योंकि ये तो शुरू ही ‘हो’ से होती है. होली पर उनके हिसाब से न होने लायक इतना कुछ होता  कि अगर वो खुद भंग की तरंग में न हों तो फिर आपकी होली तो हो ली. ...इत्ता पानी बर्बाद होता है, ज़हरीले रंगों से सेहत बिगड़ती है, नकली मिठाईयों से बचो, शोर-शराबा-मार-पीट मत करो, नशा कर सामाजिक माहौल मत बिगाड़ो..आदि इत्यादि . हिदायतों की इस लम्बी सूची को ध्यान में रखते हुए ही होली खेलें, वरना चंदूलाल आ जाएगा.

कब है होली? कब?

Comments

Popular posts from this blog

एक था गधा उर्फ़ शरद जोशी के नाटक में हम

शरद जोशी का मशहूर नाटक "एक था गधा उर्फ अलादाद खान" की अपनी मंडली के साथ मंच पर प्रस्तुति के बाद एक व्यंग्यात्मक आलेख लिखना बनता था. कुछ देर से सही, लिख पाया . ..... नाटक हमारे लिए कोई अजूबा नहीं था. बाबू-जीवन के हर चरण में कोई न कोई नाटक चलता ही रहता है. अलग से एक नाटक खेलने की ज़रूरत क्यों पड़ी ये एक सवाल है जिसका जवाब अभी ढूँढा जा रहा है. थियेटर किस चिड़िया का नाम है ये हम जानते थे क्योंकि देख रखा था. हमेशा बर्ड-वाचिंग के अंदाज़ में मंडी हाउस के थियेटरों की ओर जाते और अन्य कई चीजों के अलावा नाटक भी देख लेते थे. इतना पक्के तौर पर मालूम था कि इसमें एक मंच होता है जिस पर कुछ लोग नाटकीय अंदाज़ में चलते-बोलते रहते हैं. रटे-रटाए सम्वाद और उसपर से ‘ जो भूले सो याद कराया ’ की सुविधा के साथ विंग्स में छुपा प्रोम्प्टर. ये कौन-सा मुश्किल काम था जब हम जब चाहे बिना स्क्रिप्ट ही बॉस और बीबी दोनों को अपने सहज अभिनय से झूठ सच की सीमा पर भटकाते रहते हैं. वैसे ये नाटक “ एक था गधा उर्फ अलादाद खान ” सोच समझ कर नहीं चुना गया था पर आख़िरकार सटीक साबित हुआ. ये अच्छा रहा कि नाटक क...

प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका "कथाक्रम" के ताज़ा अंक में व्यंग्य के वर्तमान परिदृश्य पर मेरा एक आलोचनात्मक आलेख, जो हिंदी व्यंग्य के स्वरूप, व्यंग्य लिखने का कारण और एक समालोचक के तौर पर हिंदी व्यंग्य से मेरी आशाओं आशंकाओं का संकलन भी है.

व्यंग्य लिखना-पढ़ना: क्या बस यों ही? हिंदी व्यंग्य साहित्य लेखकों और पाठकों की दृष्टि से खासा समृद्ध प्रतीत होता है. छोटी मझोली पत्रिकाओं की घटती आवृत्तियाँ और नियमित बड़ी पत्रिकाओं के लगभग अवसान के बावजूद ऐसा कहना पड़ रहा है तो इसके  पीछे अखबारों के दैनिक कालम, साप्ताहिक परिशिष्ट और यदा-कदा निकलने वाले व्यंग्य- विशेषांक हैं. लिखने  वालों के लिए स्पेस की कोई कमी है, मुझे तो नहीं लगता. पढ़ने वाले भी हैं, जिसका प्रमाण इनका छपना-बिकना है. उस पर सोशल-मिडिया, वर्चुअल ग्रुप, इन्टरनेट पर साहित्य कोष और व्यक्तिगत ब्लॉग. लिखने–पढने की अनंत संभावना. पर क्या हिंदी व्यंग्य इस अभूत-पूर्व संचार-क्रान्ति का उपयोग कर अपना समुचित विकास कर पा रहा है? क्या बदलता दौर उसमें पूरी तरह धड़क रहा है? कहीं बदलाव का दबाव उसे अपनी साहित्यिक परम्पराओं और मानकों के राजमार्ग से उतर कर भटकाव की पगडंडियों की ओर तो नहीं मोड़ रहा? कहीं वर्तमान व्यंग्य लिखने-छपने की असीम सम्भावनाओं के बीच अति-उत्साह का शिकार होकर केवल तात्कालिकता के जाल में तो नहीं उलझ गया और समय की धार में छुपे शाश्वत मूल्यों के सीप को त्याज्य...

यात्रा वृत्तांत लिखने का शौक़ उतना ही पुराना है, जितना यात्रायें करने का। कादम्बिनी के राजीव भैया ने ,मुझे लक्षद्वीप की यात्रा पर एक लिख लाने को कहा। तस्वीरें भी मंगवाईं। फिर इसी माह पत्रिका के पर्यटन विशेषांक में प्यार से छापा। यहाँ ब्लॉग पर उन्हीं शब्दों के साथ कुछ और तस्वीरें जोड़ कर ये यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत है।

कोरल द्वीपों का स्वर्ग: लक्षद्वीप एक बड़े समुद्री जहाज़ का डेक, चारों ओर फैला अथाह, पर शांत समुद्र जिसकी लहरों पर क्षितिज में बादलों की ओट से झांकते सूर्य की किरणों की थिरकन, कुछ ही दूर पर सतह पर तैरता –सा हरियाली का एक लंबा टुकड़ा, जिसके सामने नीले-हरे पानी के विस्तार पर जहाज़ की ओर बढती दो नौकाएं. एक जादुई सम्मोहन जैसी स्थिति. हम देश की मुख्य भूमि से 400 किमी. दूर लक्षद्वीप द्वीप-समूह की राजधानी कवरत्ती आ पहुंचे थे. लक्षद्वीप को धरती के स्वर्गों में से एक माना जा सकता है. हमने ये यात्रा अपने देश के अद्भुत भौगोलिक विविधता का एक अनोखा व् उत्तेजक पहलू छूने के लिए चुनी थी. कोरल (मूंगा) द्वीपों का अपना विशिष्ट प्राकृतिक सौन्दर्य तो है ही, जैविक विविधता को जलीय-जीवन में देख पाने का अवसर इन्हें सैलानियों और प्रकृति-प्रेमियों के लिए ख़ास बनाती हैं. लक्षद्वीप अकेला ऐसा कोरल द्वीप समूह है जहां मूँगों द्वारा निर्मित ज़मीन के गिर्द उथले स्वच्छ पानी के लैगूनों में समुद्री जीवों का विशाल जीवंत संसार बेहद आसान पहुँच में है. उधर द्वीपों पर नारियल और पाम के पेड़ों का झुरमुट और मक्...