Skip to main content

आज कुछ मौसम का मिज़ाज और ज़िन्दगी के फलसफे को जोड़ कर देखने की कोशिश

एक मध्यमवर्गी मौसम

हवा में खुनकी है. पश्चिमी गडबडियों और पूरबी छेडखानियों से मौसम खामख्वाह खुशगवार हो रहा है. यों दिन भर मौसम कैसा था ये देखने को फुर्सत थी मिज़ाज. शाम ढली तो मौसम और घर दोनों ध्यान में आये. अच्छे मौसम को सेलीब्रेट करने का आम-तौर पर एक ही तरीका आता है मुझे, पर आज घर पर गुरु-वार का शाकाहार और शुष्क-दिवस लागू है. इसलिए मैं साग-पात खाकर ठंढा पानी पी चुका हूँ और सीधा बिस्तर पर गया हूँ.

मौसम की कारगुजारियों का असर बेडरूम तक भी छाया है. बीबी ने खिड़की खोल दी है जिससे होकर एक ठंढी चुभन से भरी हवा के साथ-साथ कुछ मच्छर भी प्रवेश कर गए हैं. मैं तेज़ पंखा चला कर आगे की सम्भावनाओं पर आपकी कल्पना और मच्छरों की उन्मुक्त उड़ान दोंनों पर ब्रेक लगाने की कोशिश करता हूँ. आपकी कल्पना का तो पता नहीं पर मच्छरों के मामले में नाकामी ही मिलती है. हूँ. लेटते ही पंखे से उठा बवंडर बदन में ठंढी फुरहरी दौड़ने लगता है तो चादर ढूँढने लगता हूँ. पास ही रखी है, मिल भी जाती है और ओढ़ भी लेता हूँ. पर ओढ़ते ही उमस का अहसास होने लगता है. फिर हटाते ही ठंढ की सिहरन और मच्छरों का हमला होता है तो चादर को सर से पाँव तक तान लेता हूँ. चन्द मिनटों के बाद चादर के अन्दर फैली उमस को काटने का एक उपाय ईजाद करता हूँ और आहिस्ता से चादर के भीतर से केवल एक टांग बाहर निकाल कर उसी में ठंढक को ज़ज्ब करने लगता हूँ.

इस बार आँखें मूंदते ही मौसम की इस गर्म-सर्द चुहलबाजी और उससे जूझने के अपने पैंतरों में एक पैटर्न सा नज़र आता है. अरे, ये तो बिलकुल अपनी ज़िंदगी जैसा ही है. महीने भर की उमस के बाद अचानक एक रोज़ ठंढी हवा के झोंके-सी तनख्वाह आती है. हुमस और हौसले से भर कर मैं खर्च की खिड़कियाँ खोल देता हूँ. लेकिन खुशियों के झोंकों के बीच बिलों और कर्जों के मच्छर भी भीतर जाते हैं. कमबख्त काटते तो हैं ही, कान पर निरंतर भिनभिना कर नींद भी हराम कर देते हैं. इनसे ध्यान हटाने को सालों से मन में पलती आकांक्षाओं का पंखा चला देता हूँ. पर कुछ ही पल बाद मध्यमवर्गी मन सिहरने लगता है. तब मैं बज़ट की चादर ढूँढता हूँ जो हमेशा पास ही रखी रहती है, बस ज़रा ध्यान से हट जाती है. ये चादर चालू मुहावरे के अनुसार ही एक दम मेरे नाप की सिली गई है और आचार-संहिता के अनुसार सर तो क्या इससे पाँव भी बाहर निकालने की इजाजत नहीं. मैं चुपचाप इस चादर को अपने पूरे वजूद पर तान लेता हूँ.


पर चादर के भीतर की इस घुटन का क्या करूं? हज़ारों ख्वाहिशें मुझमें करवटें ले रही हैं. आशंकाओं का पसीना चुहचुहाने लगा है. आखिर हिम्मत कर के किसी एक ही चिर संचित इच्छा की टांग को चादर से बाहर निकाल लेता हूँ. बाहर से ठंढ सोखती इस टांग पर दूसरे खर्चों के मच्छर डंक मारने लगते हैं सो इसे किश्तों में ही बार-बार चादर से बाहर निकाल पाता हूँ. यकीन मानिए इससे पूरे वजूद को लगातार तरावट मिलती रहती है.

Comments

Popular posts from this blog

एक था गधा उर्फ़ शरद जोशी के नाटक में हम

शरद जोशी का मशहूर नाटक "एक था गधा उर्फ अलादाद खान" की अपनी मंडली के साथ मंच पर प्रस्तुति के बाद एक व्यंग्यात्मक आलेख लिखना बनता था. कुछ देर से सही, लिख पाया . ..... नाटक हमारे लिए कोई अजूबा नहीं था. बाबू-जीवन के हर चरण में कोई न कोई नाटक चलता ही रहता है. अलग से एक नाटक खेलने की ज़रूरत क्यों पड़ी ये एक सवाल है जिसका जवाब अभी ढूँढा जा रहा है. थियेटर किस चिड़िया का नाम है ये हम जानते थे क्योंकि देख रखा था. हमेशा बर्ड-वाचिंग के अंदाज़ में मंडी हाउस के थियेटरों की ओर जाते और अन्य कई चीजों के अलावा नाटक भी देख लेते थे. इतना पक्के तौर पर मालूम था कि इसमें एक मंच होता है जिस पर कुछ लोग नाटकीय अंदाज़ में चलते-बोलते रहते हैं. रटे-रटाए सम्वाद और उसपर से ‘ जो भूले सो याद कराया ’ की सुविधा के साथ विंग्स में छुपा प्रोम्प्टर. ये कौन-सा मुश्किल काम था जब हम जब चाहे बिना स्क्रिप्ट ही बॉस और बीबी दोनों को अपने सहज अभिनय से झूठ सच की सीमा पर भटकाते रहते हैं. वैसे ये नाटक “ एक था गधा उर्फ अलादाद खान ” सोच समझ कर नहीं चुना गया था पर आख़िरकार सटीक साबित हुआ. ये अच्छा रहा कि नाटक क...

प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका "कथाक्रम" के ताज़ा अंक में व्यंग्य के वर्तमान परिदृश्य पर मेरा एक आलोचनात्मक आलेख, जो हिंदी व्यंग्य के स्वरूप, व्यंग्य लिखने का कारण और एक समालोचक के तौर पर हिंदी व्यंग्य से मेरी आशाओं आशंकाओं का संकलन भी है.

व्यंग्य लिखना-पढ़ना: क्या बस यों ही? हिंदी व्यंग्य साहित्य लेखकों और पाठकों की दृष्टि से खासा समृद्ध प्रतीत होता है. छोटी मझोली पत्रिकाओं की घटती आवृत्तियाँ और नियमित बड़ी पत्रिकाओं के लगभग अवसान के बावजूद ऐसा कहना पड़ रहा है तो इसके  पीछे अखबारों के दैनिक कालम, साप्ताहिक परिशिष्ट और यदा-कदा निकलने वाले व्यंग्य- विशेषांक हैं. लिखने  वालों के लिए स्पेस की कोई कमी है, मुझे तो नहीं लगता. पढ़ने वाले भी हैं, जिसका प्रमाण इनका छपना-बिकना है. उस पर सोशल-मिडिया, वर्चुअल ग्रुप, इन्टरनेट पर साहित्य कोष और व्यक्तिगत ब्लॉग. लिखने–पढने की अनंत संभावना. पर क्या हिंदी व्यंग्य इस अभूत-पूर्व संचार-क्रान्ति का उपयोग कर अपना समुचित विकास कर पा रहा है? क्या बदलता दौर उसमें पूरी तरह धड़क रहा है? कहीं बदलाव का दबाव उसे अपनी साहित्यिक परम्पराओं और मानकों के राजमार्ग से उतर कर भटकाव की पगडंडियों की ओर तो नहीं मोड़ रहा? कहीं वर्तमान व्यंग्य लिखने-छपने की असीम सम्भावनाओं के बीच अति-उत्साह का शिकार होकर केवल तात्कालिकता के जाल में तो नहीं उलझ गया और समय की धार में छुपे शाश्वत मूल्यों के सीप को त्याज्य...

यात्रा वृत्तांत लिखने का शौक़ उतना ही पुराना है, जितना यात्रायें करने का। कादम्बिनी के राजीव भैया ने ,मुझे लक्षद्वीप की यात्रा पर एक लिख लाने को कहा। तस्वीरें भी मंगवाईं। फिर इसी माह पत्रिका के पर्यटन विशेषांक में प्यार से छापा। यहाँ ब्लॉग पर उन्हीं शब्दों के साथ कुछ और तस्वीरें जोड़ कर ये यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत है।

कोरल द्वीपों का स्वर्ग: लक्षद्वीप एक बड़े समुद्री जहाज़ का डेक, चारों ओर फैला अथाह, पर शांत समुद्र जिसकी लहरों पर क्षितिज में बादलों की ओट से झांकते सूर्य की किरणों की थिरकन, कुछ ही दूर पर सतह पर तैरता –सा हरियाली का एक लंबा टुकड़ा, जिसके सामने नीले-हरे पानी के विस्तार पर जहाज़ की ओर बढती दो नौकाएं. एक जादुई सम्मोहन जैसी स्थिति. हम देश की मुख्य भूमि से 400 किमी. दूर लक्षद्वीप द्वीप-समूह की राजधानी कवरत्ती आ पहुंचे थे. लक्षद्वीप को धरती के स्वर्गों में से एक माना जा सकता है. हमने ये यात्रा अपने देश के अद्भुत भौगोलिक विविधता का एक अनोखा व् उत्तेजक पहलू छूने के लिए चुनी थी. कोरल (मूंगा) द्वीपों का अपना विशिष्ट प्राकृतिक सौन्दर्य तो है ही, जैविक विविधता को जलीय-जीवन में देख पाने का अवसर इन्हें सैलानियों और प्रकृति-प्रेमियों के लिए ख़ास बनाती हैं. लक्षद्वीप अकेला ऐसा कोरल द्वीप समूह है जहां मूँगों द्वारा निर्मित ज़मीन के गिर्द उथले स्वच्छ पानी के लैगूनों में समुद्री जीवों का विशाल जीवंत संसार बेहद आसान पहुँच में है. उधर द्वीपों पर नारियल और पाम के पेड़ों का झुरमुट और मक्...