Skip to main content

हमसे ही है दुनिया, हमें ही जीना मुश्किल

दोस्तों, सभी अपनी-अपनी शैली में जीते हैं, पर सलाहें तो ली ही जाती हैं दोस्तों से। हमारी दुनिया तेजी से बदल रही है, हम भी बदल रहे हैं, पर अचानक कहीं ठिठक जाते हैं, रुक कर देखने लगते हैं कि सही रास्ते पर चल तो रहे हैं।
अकेलापन है, बेगानापन है, कई बार लगता है हमें कोई समझ नहीं रहा, क्या करें?
सलाहें देने वालों, रस्ता दिखाने का दावा करने वालों की कमी नहीं। पर आपका मन भटक जाता है, तय नहीं कर पाते कि क्या सही है क्या गलत । गहरे भारतीय संस्कारों पर कहीं बदलती दुनिया के नए संस्कार पूरी तरह नहीं चढ़ पा रहे। मुश्किल ।
दुनिया को बदलने के जमाने गए, अब युवा लोग जमाने के सांचों में आसानी से ढल कर अपनी ज़िन्दगी आसान पा रहे हैं। सो दुनिया कुछ अजीब सी शक्तियों के दवाब में अपने आप बदल रही है और कुछ यूं बदल रही है कि बदलने वाले आदर्श के रूप में सामने नहीं आते। हम बदलती दुनिया को देखते परखते धीरे-धीरे खुद ही बदल जाते हैं।
इस उलझन से निकलने की ज़रूरत भी महसूस नहीं होती, जबतक हम चारों तरफ़ भरी-पूरी दुनिया में अचानक अकेले पड़ जाते हैं, वरना रफ़्तार हमें सोचने तक का मौका नहीं देती।
मैं कुछ ऐसी ही बातें सामने रखूंगा, जिनसे मुझे ऐसे हालातों में खुल कर जीने में मदद मिली।
दोस्तों! कभी एक दम छोटे बच्चों की मुस्कान देखी है? बड़े होने के बाद वैसा मुस्कराना कठिन है। पर महसूस तो कर सकते हैं। एक छोटे बच्चे पर रोज़ नज़र केंद्रित करें। उसकी मुस्कान आपको ज़िन्दगी से गहरे जोड़ देगी।
कविताएं उबाऊ लगती हैं? उर्दू ग़ज़ल समझ में नहीं आती? छोड़ दें। चुटकुले तो पसद आते हैं, नए-नए ढूंढें और पढ़ें, सुनें और सुनाएं। हास्य-व्यंग्य की पत्रिकाएं खोजें।
संगीत? नए एलबम ऊबाने लगे हैं? हिम्मर कर शास्त्रीय सगीत सुनें, नहीं जमता तो थोड़ा हल्का कर लें, ग़ज़ल, ठुमरी, फ़्यूज़न या महज़ लोक संगीत।
कभी सोचा है कि आप चित्रकारी कर सकते हैं। 'तारे ज़मीं पर' को याद कर एक कैनवस उठा कर जुट जाएं। ऐब्सटरैक्ट, कार्टून जो भी बने, बना कर ग़ौर से देखें और दिखाएं।
ये तो सब आम सलाहों से प्रेरित रास्ते हैं। मैं आगे अपने अनुभव सुनाऊंगा।

Comments

इस पोस्ट का शीर्षक कितना प्यारा और यूनिक है!!!
Happy new year!
Kailash Sharma said…
बहुत सार्थक प्रस्तुति..सपरिवार नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनायें !

Popular posts from this blog

एक था गधा उर्फ़ शरद जोशी के नाटक में हम

शरद जोशी का मशहूर नाटक "एक था गधा उर्फ अलादाद खान" की अपनी मंडली के साथ मंच पर प्रस्तुति के बाद एक व्यंग्यात्मक आलेख लिखना बनता था. कुछ देर से सही, लिख पाया . ..... नाटक हमारे लिए कोई अजूबा नहीं था. बाबू-जीवन के हर चरण में कोई न कोई नाटक चलता ही रहता है. अलग से एक नाटक खेलने की ज़रूरत क्यों पड़ी ये एक सवाल है जिसका जवाब अभी ढूँढा जा रहा है. थियेटर किस चिड़िया का नाम है ये हम जानते थे क्योंकि देख रखा था. हमेशा बर्ड-वाचिंग के अंदाज़ में मंडी हाउस के थियेटरों की ओर जाते और अन्य कई चीजों के अलावा नाटक भी देख लेते थे. इतना पक्के तौर पर मालूम था कि इसमें एक मंच होता है जिस पर कुछ लोग नाटकीय अंदाज़ में चलते-बोलते रहते हैं. रटे-रटाए सम्वाद और उसपर से ‘ जो भूले सो याद कराया ’ की सुविधा के साथ विंग्स में छुपा प्रोम्प्टर. ये कौन-सा मुश्किल काम था जब हम जब चाहे बिना स्क्रिप्ट ही बॉस और बीबी दोनों को अपने सहज अभिनय से झूठ सच की सीमा पर भटकाते रहते हैं. वैसे ये नाटक “ एक था गधा उर्फ अलादाद खान ” सोच समझ कर नहीं चुना गया था पर आख़िरकार सटीक साबित हुआ. ये अच्छा रहा कि नाटक क...

प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका "कथाक्रम" के ताज़ा अंक में व्यंग्य के वर्तमान परिदृश्य पर मेरा एक आलोचनात्मक आलेख, जो हिंदी व्यंग्य के स्वरूप, व्यंग्य लिखने का कारण और एक समालोचक के तौर पर हिंदी व्यंग्य से मेरी आशाओं आशंकाओं का संकलन भी है.

व्यंग्य लिखना-पढ़ना: क्या बस यों ही? हिंदी व्यंग्य साहित्य लेखकों और पाठकों की दृष्टि से खासा समृद्ध प्रतीत होता है. छोटी मझोली पत्रिकाओं की घटती आवृत्तियाँ और नियमित बड़ी पत्रिकाओं के लगभग अवसान के बावजूद ऐसा कहना पड़ रहा है तो इसके  पीछे अखबारों के दैनिक कालम, साप्ताहिक परिशिष्ट और यदा-कदा निकलने वाले व्यंग्य- विशेषांक हैं. लिखने  वालों के लिए स्पेस की कोई कमी है, मुझे तो नहीं लगता. पढ़ने वाले भी हैं, जिसका प्रमाण इनका छपना-बिकना है. उस पर सोशल-मिडिया, वर्चुअल ग्रुप, इन्टरनेट पर साहित्य कोष और व्यक्तिगत ब्लॉग. लिखने–पढने की अनंत संभावना. पर क्या हिंदी व्यंग्य इस अभूत-पूर्व संचार-क्रान्ति का उपयोग कर अपना समुचित विकास कर पा रहा है? क्या बदलता दौर उसमें पूरी तरह धड़क रहा है? कहीं बदलाव का दबाव उसे अपनी साहित्यिक परम्पराओं और मानकों के राजमार्ग से उतर कर भटकाव की पगडंडियों की ओर तो नहीं मोड़ रहा? कहीं वर्तमान व्यंग्य लिखने-छपने की असीम सम्भावनाओं के बीच अति-उत्साह का शिकार होकर केवल तात्कालिकता के जाल में तो नहीं उलझ गया और समय की धार में छुपे शाश्वत मूल्यों के सीप को त्याज्य...

यात्रा वृत्तांत लिखने का शौक़ उतना ही पुराना है, जितना यात्रायें करने का। कादम्बिनी के राजीव भैया ने ,मुझे लक्षद्वीप की यात्रा पर एक लिख लाने को कहा। तस्वीरें भी मंगवाईं। फिर इसी माह पत्रिका के पर्यटन विशेषांक में प्यार से छापा। यहाँ ब्लॉग पर उन्हीं शब्दों के साथ कुछ और तस्वीरें जोड़ कर ये यात्रा वृत्तांत प्रस्तुत है।

कोरल द्वीपों का स्वर्ग: लक्षद्वीप एक बड़े समुद्री जहाज़ का डेक, चारों ओर फैला अथाह, पर शांत समुद्र जिसकी लहरों पर क्षितिज में बादलों की ओट से झांकते सूर्य की किरणों की थिरकन, कुछ ही दूर पर सतह पर तैरता –सा हरियाली का एक लंबा टुकड़ा, जिसके सामने नीले-हरे पानी के विस्तार पर जहाज़ की ओर बढती दो नौकाएं. एक जादुई सम्मोहन जैसी स्थिति. हम देश की मुख्य भूमि से 400 किमी. दूर लक्षद्वीप द्वीप-समूह की राजधानी कवरत्ती आ पहुंचे थे. लक्षद्वीप को धरती के स्वर्गों में से एक माना जा सकता है. हमने ये यात्रा अपने देश के अद्भुत भौगोलिक विविधता का एक अनोखा व् उत्तेजक पहलू छूने के लिए चुनी थी. कोरल (मूंगा) द्वीपों का अपना विशिष्ट प्राकृतिक सौन्दर्य तो है ही, जैविक विविधता को जलीय-जीवन में देख पाने का अवसर इन्हें सैलानियों और प्रकृति-प्रेमियों के लिए ख़ास बनाती हैं. लक्षद्वीप अकेला ऐसा कोरल द्वीप समूह है जहां मूँगों द्वारा निर्मित ज़मीन के गिर्द उथले स्वच्छ पानी के लैगूनों में समुद्री जीवों का विशाल जीवंत संसार बेहद आसान पहुँच में है. उधर द्वीपों पर नारियल और पाम के पेड़ों का झुरमुट और मक्...